कासगंज। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त ने जांच में मानक पूरे न मिलने तथा पानी में केमिकल पाए जाने के बाद मोहल्ला जय-जय राम स्थित आरओ प्लांट के खिलाफ कार्रवाई की है। प्लांट का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है।
शासन की टीम ने 9 जनवरी को मोहल्ला जय-जय राम में गौतम स्वीट्स के पास स्थित एमएच इंटरप्राइजेज आरओ प्लांट का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान प्लांट पर मौजूद मानकों को देखा गया। इसके साथ ही पानी के सैंपल भी लिए गए थे। इन सैंपल की जांच लैब में कराई गई। जांच के दौरान पानी में केमिकल पाया गया।
इसके साथ ही मानक पूरे न मिलने की रिपोर्ट खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त डॉ. रोशन जैकब को भेजी गई। हाईजीन, सेनटरी कंडीशन का पालन न किए जाने, व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन न करने आदि खामियां मिलने तथा पानी में केमिकल मिलने पर आयुक्त ने प्लांट का लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त आनंद देव ने बताया कि आरओ प्लांट का लाइसेंस सस्पेंड की कार्रवाई की गई है। प्लांट का फिर से निरीक्षण किया जाएगा। यदि मानक पूरे नहीं मिले तो आगे की कार्रवाई होगी।
छह उपनिरीक्षकों के तबादले
कासगंज। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने छह उपनिरीक्षकों के तबादले कर दिए। नदरई गेट चौकी प्रभारी शिवनंदन आनंद को पटियाली चौकी का प्रभारी बनाया गया। उनकी जगह थाना साइबर क्राइम में कार्यरत नरेश कुमार को नदरई गेट चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया। इसी तरह पटियाली चौकी प्रभारी रहे अर्जुन सिंह को थाना सोरोंजी, थाना ढोलना से बीएल शर्मा को सदर कोतवाली भेजा गया। सुनील कुमार भदौरिया को सदर कोतवाली से पुलिस लाइन और थाना सोरोंजी में कार्यरत करविन्द्रपाल को जिला अस्पताल चौकी का प्रभारी बनाया गया है।