कासगंज। प्रदेशीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं की तारीखों और आयोजन की जगहों में बदलाव किया गया है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) ने अपने सालाना कैलेंडर में कुछ बदलाव किए थे, जिसके बाद माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए यह नया और संशोधित शेड्यूल जारी किया है। नए कार्यक्रम के तहत आठ मुख्य खेलों के आयोजन मंडल बदल दिए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) रजनेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तारीखें बदलने के कारण राज्य स्तर के कार्यक्रम में भी यह फेरबदल करना पड़ा है। जिले के सभी माध्यमिक स्कूलों को इस नए टाइम-टेबल की जानकारी दे दी गई हैं।
इसके मुताबिक, टेबल टेनिस और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं 21 से 24 अगस्त तक बरेली मंडल में होंगी। फुटबॉल मैच 30 अगस्त से 3 सितंबर तक बलिया (आजमगढ़ मंडल) में खेले जाएंगे। इसके अलावा हैंडबॉल वाराणसी में, कुश्ती और जूडो सहारनपुर, तैराकी, डाइविंग व वाटर पोलो अयोध्या, शतरंज अलीगढ़ और कबड्डी गोरखपुर मंडल में होगी। संवाद