सुमित के साथी अंकित ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे रिश्तेदार रामनरेश के दाहिने कंधे में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजन ने घायल रामनरेश को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कासगंज के सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव कादरपुर में शौचालय के पानी के मामूली विवाद में सुलह कराने आए एक रिश्तेदार को गोली मार दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों के सहयोग से दो आरोपियों को तमंचे के साथ हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
विज्ञापन
गांव कादरपुर निवासी सुमित (20) का अपने चाचा शैलेष से शौचालय में पानी डालने को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार की सुबह दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, जिसे पुलिस को सूचना दिए बिना आपस में ही निपटा लिया गया था। विवाद का पूरी तरह समाधान कराने के लिए दोपहर बाद जनपद एटा से दोनों पक्षों के रिश्तेदार कादरपुर पहुंचे थे, जिनमें रामनरेश (45) निवासी होरची थाना निधौली कलां जिला एटा भी शामिल थे।
पंचायत और सुलह-समझौते के दौरान सुमित अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। इस दौरान सुमित के साथी अंकित निवासी गंगानगर जिला एटा ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे रिश्तेदार रामनरेश के दाहिने कंधे में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजन ने घायल रामनरेश को तत्काल जिला अस्पताल कासगंज में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वारदात के बाद भाग रहे दो आरोपियों अंकित और प्रियांशु (18) निवासी असरौली कोतवाली देहात जनपद एटा को ग्रामीणों ने मौके पर ही दबोच लिया।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। सीओ सदर आंचल चौहान ने मौके पर पहुंच कर जांच की। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जगदीश चंद्र के अनुसार, आरोपी सुमित और उसके अन्य साथियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।