फोटो59मृतक मोहम्मद राशिद अंसारी का फाइल फोटो
गंजडुंडवारा। दिल्ली से दवा लेकर पत्नी के साथ घर लौट रहे कस्बे के युवा कारोबारी मोहम्मद राशिद अंसारी की बुलंदशहर में ढाबे पर खाना खाते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई। नाक से खून आने के बाद उन्हें अटैक पड़ा और उनकी मौत हो गई।
कस्बे के मोहल्ला मंसूर निवासी मोहम्मद राशिद अंसारी (43) पुत्र मोहम्मद सलीम स्टेट बैंक के सामने फैशन फ्लश टेलर्स के नाम से दुकान चलाते थे। कपड़ों की सिलाई के काम से वह अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। पत्नी रोशनी ने बताया कि दो दिन पहले वह उनके साथ दवा लेने दिल्ली गए थे। वहां उन्होंने एक निजी अस्पताल में चिकित्सक को दिखाया था। इसके बाद 8 अक्तूबर की रात करीब 11:50 बजे वह निजी बस से पत्नी के साथ गंजडुंडवारा लौट रहे थे।
बुलंदशहर में बस एक ढाबे पर रुकी। राशिद पत्नी के साथ खाना खाने के लिए नीचे उतरे थे। इस दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और नाक से खून आने लगा। इसके बाद उन्हें अटैक पड़ गया। मृतक अपने पीछे पत्नी रोशनी, दो बेटियों सारिया और माहिरा तथा बेटे फाजिल को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया।