कासगंज में बारहद्वारी पर आयोजित श्रीरामलीला के शुभारंभ पर मंच का पूजन करते कमेटी के पदाधिकार
कासगंज। शहर के बारहद्वारी पर मंच पूजन के साथ बुधवार को रामलीला का शुभारंभ हो गया। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने विधि-विधान से मंच पूजन कर भगवान श्रीराम-सीता के स्वरूपों की आरती उतारी। इसके बाद वृंदावन से आए कलाकारों ने शिव-पार्वती विवाह, नारद मोह लीला और मनु-शतरूपा तप की मनमोहक लीलाओं का मंचन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष गोपाल मराठा, महामंत्री अरविंद और कोषाध्यक्ष अमरीश वशिष्ठ ने मंच पूजन किया। पूजन के बाद भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वरूपों की आरती उतारी गई। इसके साथ ही रामलीला मंचन का विधिवत आगाज हुआ। श्रीरामकृष्ण लीला अनुकरण मंडल वृंदावन के कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
शिव-पार्वती विवाह की लीला में श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे नजर आए, वहीं नारद मोह और मनु-शतरूपा तप की लीलाओं ने भी दर्शकों को आकर्षित किया। व्यासजी भावेश ने अपनी ओजपूर्ण वाणी और मधुर भजनों के माध्यम से लीलाओं का सुंदर वर्णन किया। उनके भजनों और संवादों से रामलीला परिसर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने देर तक बैठकर लीला का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान रामलीला कमेटी के पदाधिकारी और अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष अजय गुप्ता, कार्यकारी महामंत्री स्वयं माहेश्वरी, उपाध्यक्ष अनुज जौहरी, मंत्री संजय कुशवाह, कार्यकारी कोषाध्यक्ष गौरवपाल सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।