कासगंज। मौसम विभाग ने जिले में अगले चार दिनों तक मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। 22 जुलाई तक बारिश के आसार हैं। इस दौरान दो दिनों में भारी वर्षा के साथ आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 19 जुलाई को करीब नौ मिलीमीटर, 20 जुलाई को 14 मिलीमीटर बारिश का अनुमान है। इसके बाद 21 और 22 जुलाई को 26-26 मिलीमीटर तक भारी बारिश होने के आसार हैं। बारिश के साथ तापमान में गिरावट आएगी। 22 जुलाई तक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिलने की संभावना है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि बुवाई, रोपाई तथा उर्वरक, कीटनाशक और रोगनाशी का छिड़काव केवल बारिश रुकने और मौसम साफ होने पर ही करें। बारिश के बाद फसलों में कीट एवं रोगों की नियमित निगरानी रखें।
पशुपालकों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। पशुओं को सूखे और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएं। आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए पशुओं को पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे न बांधें, ताकि किसी हादसे से बचा जा सके।