फोटो41कासगंज सिटी रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मियों के बीच हुए विवाद का फोटो। स्रोत:वीडियोग्रैव
कासगंज। कासगंज सिटी रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर शाम ड्यूटी बदलने को लेकर दो रेलवे कर्मियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक कर्मी ने दूसरे के सिर पर हथौड़े से प्रहार कर दिया।
सिर में चोट लगने से घायल कर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कल्याणपुर रोड गढ़ी अड्डा निवासी राजेश कासगंज सिटी रेलवे स्टेशन पर प्वाइंटमैन के पद पर तैनात हैं।
राजेश ने बताया कि वह शनिवार शाम ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे कर्मी शीलेंद्र वहां पहुंचा और ड्यूटी बदलने को लेकर उनसे विवाद करने लगा। कहासुनी के दौरान शीलेन्द्र ने हथौड़े से राजेश के सिर पर प्रहार कर दिया।
घटना की सूचना उन्होंने जीआरपी को तहरीर दी। जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुंतल ने बताया कि मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।