कासगंज। प्रभुपार्क विद्युत उपकेंद्र पर ट्रांसफॉर्मर और अन्य विद्युत उपकरणों की आवश्यक टेस्टिंग के कारण मंगलवार को करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। इस वजह से उपकेंद्र से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों की 10 हजार से अधिक आबादी को भीषण गर्मी और दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
लंबे समय तक बिजली न मिलने से घरों से लेकर दुकानों तक का रोजमर्रा का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ। विद्युत निगम की ओर से प्रभुपार्क उपकेंद्र पर यह तकनीकी कार्य सुबह 11 बजे शुरू किया गया था।
सुरक्षा और तकनीकी कारणों से इस दौरान गोशाला, प्रभुपार्क, लक्ष्मीगंज, रेलवे रोड और नमामि गंगे फीडर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी गई। सुबह से ही बिजली गुल रहने के कारण घरेलू उपकरण बंद रहे, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
बिजली न होने से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था भी चरमरा गई और रोजमर्रा के जरूरी कार्य अटक गए। जनसेवा केंद्र संचालक जावेद ने बताया कि लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उनका कामकाज पूरी तरह ठप रहा। हालांकि, निर्धारित समयानुसार शाम 4 बजे टेस्टिंग और दुरुस्तीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति को सुचारू कर दिया गया।
-
वर्जन
उपकेंद्र पर ट्रांसफॉर्मर ,पैनल व अन्य विद्युत उपकरणों की टेस्टिंग और तकनीकी कार्य कराया गया। इससे आपूर्ति व्यवस्था बेहतर और सुरक्षित होगी। कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। - राहुल वर्नवाल, अधिशासी अभियंता शहरी
-
यहां की गई कटाैती
प्रभुपार्क विद्युत उपकेंद्र पर टेस्टिंग कार्य के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित रही। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से रेलवे रोड, मालगोदाम रोड, गली जौरा-भौरा, करारी वाली गली, गंगेश्वर कॉलोनी, खेड़िया मौहल्ला, पंखावाला बाग, माधौपुरी,ऑफीसर कॉलोनी, बांकनेर, दीनदयाल पुरम, फूकामल सहित कई क्षेत्र में आपूर्ति बाधित रही।