फोटो15सब्जी मंडी में लगा आलू का ढेर । संवाद
कासगंज। जिले में आलू की फसल के भंडारण को लेकर कोल्ड स्टोर संचालकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, लेकिन वसंत पंचमी इस वर्ष जल्दी पड़ने के कारण अभी भंडारण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाएगी। फिलहाल आलू की फसल पूरी तरह पककर तैयार नहीं है, इसलिए इसे कोल्ड स्टोर में रखने की स्थिति नहीं बनी है।इस साल जिले में करीब 5,300 हेक्टेयर क्षेत्र में आलू की खेती की गई है। किसान अभी कच्चे आलू की खुदाई कर उसे बाजारों और घरेलू उपयोग के लिए बेच रहे हैं। आमतौर पर किसान फरवरी महीने में आलू की खुदाई कर भंडारण के लिए तैयार करते हैं और वसंत पंचमी के आसपास कोल्ड स्टोरों में आलू जमा किया जाता है। लेकिन इस बार वसंत पंचमी जल्दी होने से फसल को पूरी तरह तैयार होने में अभी समय लग रहा है। ऐसे में आलू की खुदाई और भंडारण का काम फरवरी माह से ही शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।जिले में वर्तमान में 17 कोल्ड स्टोर संचालित हैं, जिनकी कुल भंडारण क्षमता 1 लाख 12 हजार 206.82 मीट्रिक टन है। इस बार मौसम आलू की फसल के लिए अनुकूल रहा है, जिससे अच्छी पैदावार की उम्मीद की जा रही है। अनुमान है कि जिले में करीब 2 लाख मीट्रिक टन आलू की पैदावार होगी। इसमें से लगभग 50 हजार मीट्रिक टन आलू कच्चा ही बाजारों में खप जाता है, जबकि शेष आलू का भंडारण किया जाता है। कोल्ड स्टोर संचालक मुकेश शर्मा ने बताया कि भंडारण का मौसम नजदीक आने के कारण तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, लेकिन अभी भंडारण शुरू होने में कुछ समय लगेगा। जिला उद्यान अधिकारी रवि चंद्र जयसवार का कहना है कि जिले में आलू की फसल इस बार अच्छी है। अभी आलू पूरी तरह से पक कर तैयार नहीं हुआ है। 15 दिन बाद आलू पूरी तरह से पक कर तैयार हो जाएगा।