कासगंज। सफाई कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल का सीधा और भयावह असर अब सड़कों पर साफ दिखने लगा है। मंगलवार को हड़ताल के दूसरे दिन पूरे शहर की सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो गई। बाजारों, प्रमुख चौराहों और गलियों में कूड़े का ढेर लग गया है। बारिश के पानी में सड़ रहे कचरे से उठती बदबू ने राहगीरों और दुकानदारों का जीना मुहाल कर दिया है।
स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष सोनू भंडारी की अगुवाई में दूसरे दिन भी सफाई कर्मियों ने काम बंद रखा। इसके चलते बिलराम गेट, सोरों गेट, नदरई गेट, बारहद्वारी, माल गोदाम रोड, गली छेदा लाल, बड्डू नगर फोरलेन मार्ग और सहावर गेट जैसी मुख्य जगहों पर कचरा सड़क पर फैला रहा।
सहावर गेट निवासी आशीष कुमार सहित स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि अगर हड़ताल जल्द खत्म नहीं हुई तो बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। नागरिकों ने नगर पालिका से तत्काल सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
ईओ विवेक त्रिपाठी ने बताया कि सफाई कर्मियों के एक महीने का वेतन उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किया जा रहा है और दूसरे महीने के वेतन की भी तैयारी चल रही है, ताकि समस्या का जल्द समाधान हो सके।
कूड़ा न उठने से हो रही परेशानी
-दो दिनों से बाजार के सामने कूड़ा पड़ा है। बदबू के कारण ग्राहक भी परेशान हो रहे हैं। नगर पालिका को जल्द समाधान निकालना चाहिए ताकि सफाई व्यवस्था सामान्य हो सके।- रवि, दुकानदार सहावर गेट।
- मोहल्ले में कूड़ा नहीं उठने से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। गंदगी के बीच निकलना मुश्किल हो गया है। शहर में जल्द सफाई शुरू कराई जाए। इससे लोगों को परेशानी न हो। -गिरीश चंद्र,निवासी मोहल्ला मोहन ,गली कायस्थान।