फोटो 10 कासगंज फाइल फोटो मृतक जेई प्रेमपाल। स्रोत: परिजन
सिढ़पुरा (कासगंज)। अमांपुर मार्ग पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अवर अभियंता (जेई) की मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना ओवरटेक करने की जल्दबाजी में बेकाबू हुई एक पिकअप द्वारा सवारी ऑटो को साइड से टक्कर मारने के कारण हुई। इससे अनियंत्रित होकर ऑटो सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो सवारियों को लेकर सिढ़पुरा से अमांपुर की ओर जा रहा था। गांव सेमरा मोर्चा के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ओवरटेक करने के चक्कर में ऑटो को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। चालक ऑटो से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे पेड़ से जा भिड़ा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर तुरंत पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
-
साइट से काम खत्म कर लाैट रहे थे घर
अस्पताल में चिकित्सकों ने अलीगढ़ के भोगनीपुर निवासी और कासगंज की आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले पीडब्ल्यूडी जेई प्रेमपाल पुत्र नौबत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वह अपनी साइट से काम निपटाकर ऑटो द्वारा घर लौट रहे थे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे में तोताराम (60) निवासी नगला बड़ा, राजा बाबू (65) निवासी समोठी, भूपेंद्र सिंह (25) निवासी गेंदूपुरा, चार वर्षीय रिया निवासी गेंदूपुरा और अमर सिंह (40) निवासी देसी नगला घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल राजा बाबू और अमर सिंह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
वर्जन
पिकअप द्वारा ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना में शामिल पिकअप की तलाश कर रही है और मामले की जांच की जा रही है। - अमित कुमार, पटियाली सीओ
फोटो 10 कासगंज फाइल फोटो मृतक जेई प्रेमपाल। स्रोत: परिजन