कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने शनिवार को जिला पंचायत और नवाब तरोरा स्थित आठ बूथों का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के लिए कहा। साथ ही उन्हें रजिस्टर साथ रखने के दिए निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत स्थित बूथ संख्या 365, 366, 367 और 368 तथा नवाब तरौरा स्थित बूथ संख्या 328, 329, 330 और 331 का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बूथों पर तैनात बीएलओ से निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। डीएम ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि वे अपने साथ संबंधित रजिस्टर अनिवार्य रूप से रखें, ताकि मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी और अभिलेख निरीक्षण के दौरान तत्काल उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य महत्वपूर्ण और संवेदनशील हैं। ऐसे में सभी बीएलओ अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें। मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी करने और बीएलओ के कार्यों का समय-समय पर सत्यापन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर एसएन त्रिपाठी, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।