सहावर। जीएसटी आईटीसी के 2.03 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी साहिल बंसल को सहावर कोतवाली पुलिस ने लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
जीएसटी एसआईवी विभाग के अधिकारी चरणजीत सिंह ने पिछले वर्ष सहावर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। यह प्राथमिकी 2.03 करोड़ के आईटीसी कर घोटाले के आरोप में थी।
आरोपी ने केके इस्पात उद्योग के नाम से एक फर्म पंजीकृत कराई थी। यह फर्म सहावर के पते पर फर्जी दस्तावेज के आधार पर धोखाधड़ी कर पंजीकृत हुई। वित्तीय वर्ष 2025-26 में फर्म संचालक ने 2.03 करोड़ रुपये का घोटाला किया। उसने फर्जी फर्म पर फर्जी बिल काटकर आईटीसी का लाभ प्राप्त किया। एसआईवी शाखा की जांच में मामला फर्जी पाया गया। सहावर की क्षेत्राधिकारी शाहिदा नसरीन ने एक पुलिस टीम लुधियाना भेजी। पुलिस जांच में आरोपी फर्म संचालक साहिल बंसल का नाम सामने आया। सहावर इंस्पेक्टर गोविंद वल्लभ शर्मा ने लुधियाना पहुंचकर काल्टन रोड एनआरआई साउथ सिटी थाना सरावानगर जिला लुधियाना निवासी साहिल को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।