फोटो30सहावर के म्यासुर से गांव हैबतपुर जाने वाला कच्चा मार्ग। संवाद
कासगंज। म्यासुर से हैबतपुर गांव तक 1.26 करोड़ रुपये की लागत से जर्जर सड़क का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत इस परियोजना को शासन से मंजूरी मिल गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
यह सड़क काफी दिनों से कच्ची थी। लोगों को इस मार्ग से आने-जाने में परेशानी होती थी। गांव हैबतपुर निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि बरसात के मौसम में रास्ता और भी खराब हो जाता था। ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। सड़क निर्माण की मांग लगातार की जा रही थी।
एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी से लोगों ने सड़क बनाने की मांग की। इसके बाद सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। अब शासन ने इसे स्वीकार कर लिया है।
सड़क बनने से म्यासुर और हैबतपुर के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा। आसपास के अन्य गांवों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी। खराब सड़क के कारण एंबुलेंस और अन्य वाहनों को पहले गांव तक पहुंचने में कठिनाई होती थी। अधिशासी अभियंता दिनेश सिंह ने बताया कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।