कासगंज। गंजडुंडवारा के मोहल्ला मंसूरी में बाड़े की दुकानों के ऊपर बने हॉल पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया। बुधवार को अवैध रूप से कराए जा रहे विद्युत कनेक्शन को रोकने के लिए गए पालिका कर्मियों के साथ आरोपियों ने मारपीट कर दी। मामले में अधिशासी अधिकारी ने नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार की ओर दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार मोहल्ला मंसूरी स्थित बाड़े की दुकानों के ऊपर बने हॉल को जनपद बदायूं थाना ककराला मोहल्ला सईद निवासी लारेव को पूर्व में आवंटित किया गया था। आरोप है कि मोहल्ला मंसूर निवासी इंतजार अहमद ने उस पर कब्जा कर लिया। इंतजार हुसैन की ओर से हॉल पर विद्युत कनेक्शन कराया जा रहा था। सूचना पर पालिका कर्मी गंगा प्रसाद, तसलीम अहमद, नरेश पाल और याकूब सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि आरोपी इंतजार अहमद, इकरार अहमद, शाह हुसैन, अकील पैटी एवं अन्य लोगों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। ईओ सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी बाड़े की दुकानों के ऊपर बने हॉल पर कब्जा कर विद्युत कनेक्शन करा रहे थे। विरोध करने पर कर्मियों के साथ मारपीट की गई। कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच की जा रही है।