कासगंज। मोहल्ला भूतेश्वर में शनिवार सुबह एक महिला की मौत ने पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल पैदा कर दिया। पति के दो साल पहले साथ छोड़ जाने से परेशान महिला को बीमारी ने जकड़ लिया। इससे नाबालिग पुत्र पर मां और दो छोटी बहनों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी आ गई।सपना (38) पत्नी देवेश की अचानक मौत हो गई। मां की मौत होते ही उनके पुत्र आदित्य (15), बेटी परी (12) और भूमि (8) करुण क्रंदन करने लगे। घर से रोने-बिलखने की आवाज जब पड़ोेसियों के कानों में पहुंची तो वे मौके पर आ गए और बच्चों को ढांढस बंधाने लगे। भाई अरविंद निवासी गंगेश्वर कॉलोनी ने बताया कि भांजे ने फोन के माध्यम से मौत की सूचना दी। दो वर्ष पूर्व बहनोई देवेश किसी युवती को लेकर घर से चला गया था। इसके बाद से सपना अपने बच्चों के साथ रह रही थी।उन्होंने बताया कि बहन काफी समय से बीमार चल रही थी। उनका पुत्र नौकरी कर अपनी मां का इलाज करवा रहा था और परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। बीमारी के दौरान ससुराल पक्ष की ओर से इलाज में कोई सहयोग नहीं किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। सीओ आंचल चौहान ने बताया कि महिला की मौत का कारण बीमारी सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सही स्थिति पता चलेगी।