कासगंज। मोहल्ला खेड़िया में मंगलवार को एक मकान की दूसरी मंजिल पर बनी निर्माणाधीन दीवार को बंदर ने गिरा दिया। दीवार के मलबे की चपेट में आने से नीचे गली में खड़ी युवती घायल हो गई। दीवार गिरने से मौके पर खलबली मच गई। युवती का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मोहल्ला खेड़िया निवासी प्रशांत पुत्र प्रदीप पचौरी के मकान की दूसरी मंजिल पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। मंगलवार को दीवार बनाने का काम किया गया। काम पूरा होने के बाद मिस्त्री और मजदूर लौट गए। रात करीब 8 बजे एक बंदर ने नवनिर्मित दीवार पर छलांग लगा दी, जिससे दीवार भरभराकर सीधे नीचे गली में जा गिरी।
हादसे के समय गली में पड़ोसी अशोक कुमार की बेटी अंजलि (22) खड़ी थी, जो मलबे की चपेट में आ गई। इससे उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घायल युवती के भाई आकाश ने बताया कि अंजलि की तबीयत अब ठीक है। बंदर के नवनिर्मित दीवार पर कूदने से हादसा हो गया।