ढोलना। गांव किनावा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दिल्ली में मौत के बाद परिजन जब शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव लेकर पहुंचे तो मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अलीगढ़ निवासी राजेंद्र ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी साली लक्ष्मी (25) पत्नी अनिल कुमार निवासी किनावा की उसके ससुराल वालों ने हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही ढोलना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
परिजन ने पूछताछ में बताया कि वे दिल्ली में रहकर सिलाई का कार्य करते हैं। लक्ष्मी की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व दिल्ली में ही अनिल के साथ हुई थी। ससुराल पक्ष के अनुसार, सोमवार को अचानक तेज बुखार आने के बाद लक्ष्मी की मौत हो गई थी।
वे शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव किनावा लेकर आए थे, तभी रिश्तेदार राजेंद्र ने ससुराल पक्ष पर हत्या का संदेह जताते हुए पुलिस को फोन कर दिया।
पुलिस ने शिकायत मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया। सीओ आंचल चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।