फोटो30सोरोंजी मार्गशीर्ष मेला को देखने के लिए उमड़ी भीड़। संवाद
सोरोंजी। ठंड के प्रकोप का कोई असर मार्गशीर्ष मेला पर नजर नहीं आ रहा। बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंच रहे हैं। देर रात तक मेला गुलजार बना हुआ है। जिससे दुकानदारों के चेहरे पर चमक है। मेले में लगे सभी शो हाउसफुल चल रहे हैं।
मेले में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में लोग मेला देखने पहुंच रहे हैं। सर्कस में कलाकारों के रोमांचकारी करतब देखने के लिए काफी भीड़ उमड़ रही है। मौत के कुंआ में बाइक राइडर्स के स्टंट देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जा रहे हैं। ऊंचे झूलों, कोलंबस, हाईस्काई व्हील पर बैठ कर आनंद ले रहे हैं। वहीं बच्चों को ड्रैगन ट्रेन, अप्पू घर, स्कूटर झूला लुभा रहे हैं।
महिलाएं घरों में इस्तेमाल होने वाले सामान की जमकर खरीदारी कर रही हैं तो मेला परिसर में खड़े सौ से अधिक चाट पकोड़े के ठेलों पर भी खूब भीड़ जुट रही है। लोग परिवार सहित मेला में लगे फोटो स्टूडियो में सुंदर बैक ग्राउंड के आगे फोटो खिंचा रहे हैं। मेला में आने वाले लोग बड़ी संख्या में हरि की पौड़ी में स्नान कर क्षेत्रधीश वराह भगवान के मंदिर में दर्शन कर प्रसाद चढ़ा रहे है और मनौती मांग रहे हैं। रात में मेला परिसर और हरि की पौड़ी में फैली सतरंगी रोशनी में सामने खड़े होकर लोग सेल्फी ले रहे हैं। मेला में हो रही अच्छी बिक्री से दुकानदार उत्साहित है।