कासगंज। सोरोंजी थाना क्षेत्र में हुए हादसे में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एटा निवासी एक व्यक्ति की आंख की रोशनी चली गई। पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर थाने में आरोपी बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एटा जिले के थाना मिरहची में गांव तरवरपुर के रहने खुशीलाल (22) ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 8 जून को सुबह करीब 11:30 बजे वह एक अन्य व्यक्ति के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जब वे लोग कासगंज-सलेमपुर बीबी रोड पर जयपाल सिंह यादव के स्कूल के पास पचौरा जंगल से आगे मोड़ पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक के आरोपी चालक विश्वजीत ने अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उछलकर वाहन से टकराने के कारण खुशीलाल और उनके साथ मौजूद अशोक के सिर में गंभीर चोटें आईं। घायलों को गंभीर हालत में अलीगढ़ और फिर बाद में आगरा रेफर कर दिया गया। लंबे चले इलाज के दौरान खुशीलाल की बाईं आंख की रोशनी पूरी तरह से चली गई।
घटना के बाद पीड़ित स्वास्थ्य ठीक होने पर 28 जुलाई को सोरोंजी थाने प्राथमिकी दर्ज कराने गया लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। तब पीड़ित ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के निर्देश पर सोरोंजी पुलिस ने आरोपी चालक विश्वजीत निवासी नगला मानसिंह थाना मारहरा जिला एटा के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।