फोटो 24 कासगंज के जिला अस्पताल की लैब में जांच को खडे मरीज। स्रोत: संवाद
कासगंज। जिले में मौसमी बीमारियों के प्रकोप के बीच अब मलेरिया के पैर पसारने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। जिला अस्पताल में हुई जांच के दौरान दो और नए मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है, जिसके बाद इस सप्ताह संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर पांच हो गई है। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए अलर्ट जारी कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, खैरपुर (सोरों) निवासी विद्याराम (46) और गंगेश्वर कॉलोनी निवासी निकिता (6) पुत्री सत्यवीर सिंह की जांच रिपोर्ट में मलेरिया के लक्षण पाए गए हैं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कर चिकित्सकों की देखरेख में उपचार शुरू कर दिया गया है। इससे पूर्व इसी सप्ताह में सृष्टि (11), निवासी नगला सुरजी तकुआवर अमांपुर, विद्यावती (75) पटियाली और विनोद (9) प्रीतम नगर में भी मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है। लगातार सामने आ रहे मामलों से जिले में मच्छरजनित रोगों के फैलाव की आशंका और गहरी हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जलभराव, गंदगी और मौसम में नमी का बढ़ना संक्रमण फैलने का प्रमुख कारण बन रहा है। विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
तेज बुखार और कंपकंपी
सिरदर्द व शरीर में दर्द
कमजोरी और थकान
उल्टी या मितली
पसीना आना और ठंड लगना
बरतें सावधानी
घर के आसपास पानी जमा न होने दें
मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें
पूरी बाजू के कपड़े पहनें
साफ और सुरक्षित पानी पिएं
बुखार होने पर तुरंत जांच कराएं
वर्जन
बारिश के बाद जलभराव की स्थिति के बाद मलेरिया के मामले सामने आ रहे हैं। लक्षण के आधार पर ऐसे मरीजों की जांच की जा रही है। -डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस