कासगंज। जिले में बारिश होने के दाैरान जगह-जगह मकान के लिंटर और दीवारें गिर गईं। हादसों में दो लोग घायल हो गए जबकि एक मवेशी की मर गया। घरों में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
बारिश थमने पर मलबा हटाने का कार्य किया गया। हादसों की सूचना मिलने पर एसडीएम समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पटियाली में मोहल्ला चौक निवासी जियो मियां पुत्र किफायत का परिवार शनिवार रात घर के बरामदे में सो रहा था। उनका सबसे छोटा पुत्र आमिर कमरे में सो रहा था। रात लगभग 1:30 बजे आमिर शाैचालय जाने के लिए जैसे ही कमरे से बाहर निकला तभी अचानक कमरे का लिंटर ढह गया।
आवाज सुनकर घर के सभी लोग जाग गए और चीख-पुकार मच गई। परिजन को लगा कि आमिर मलबे में दब गया है लेकिन उसके शौचालय से सकुशल बाहर निकलने पर परिजन ने राहत की सांस ली। हादसे में गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दबकर खराब हो गया।
दूसरी घटना इसी मोहल्ले में रहने वाले सिराजुद्दीन पुत्र मिराजुद्दीन के घर हुई। परिवार घर के बरामदे में बैठा था। सिराजुद्दीन सामान को लेने के लिए कमरे में गए तभी अचानक लिंटर भरभराकर गिर पड़ा।
आनन-फानन में परिजन कमरे में पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। सिराजुद्दीन को मामूली चोटें ही आईं लेकिन गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसों की सूचना पर उपजिलाधिकारी सुशांत सांवरे ने तहसीलदार शौर्य वर्धन सिंह, न्यायिक तहसीलदार राम नयन सिंह, नायब तहसीलदार रोहित सक्सेना और क्षेत्रीय लेखपाल सुशील कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
-
हडोरा में गिरे तीन मकान
गंजडुंडवारा। सिकंदरपुर वैश्य के हडोरा गांव में लगातार बारिश के कारण तीन मकान ढह गए। रविवार दोपहर परवेश पुत्र श्री राम का मकान ढह गया। उसकी दीवार पर पड़ोस में रहने वाले देवेंद्र ने अपनी टीन डाल रखी थी। मकान ढहने से देवेंद्र की टीन भी गिर गई। इसमें उसकी पत्नी के साथ चार बच्चे सो रहे थे। हादसे में उसका 11 वर्षीय पुत्र अरुण घायल हो गया। घायल बालक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, शनिवार रात आठ बजे प्रवेश पुत्र राम भरोसे का मकान भी बारिश में गिर गया। उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। संवाद
मकान की पटियां ढहीं
सहावर। गांव बधारी कला में रविवार को जगदीश प्रसाद पुत्र हेतराम के मकान की पटियां बारिश के दौरान अचानक ढह गईं। पटियां गिरने से मकान को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के समय परिवार का कोई भी सदस्य मकान के अंदर मौजूद नहीं था। इससे जनहानि नहीं हुई। पीड़ित ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
-
दीवार और टिनशेड गिरने से पशु मरा
ढोलना। गांव इखौना में दुर्गेश कुमार पुत्र शैतान सिंह के मकान की दीवार और टिनशेड अचानक गिर गई। कमरे में सो रही उनकी मां राम श्री बाल बाल बच गई जबकि मलबे में दबने से एक पशु मर गया। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेकर पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता दिलाने की मांग की है।
बसूपुरा में मकान की दीवार गिरी
सोरोंजी। गांव बसूपुरा में शनिवार की देर रात पूरन पुत्र मूलचंद के मकान की दीवार अचानक गिर गई। दीवार के गिरने से मलबा पड़ोसी राजेंद्र प्रसाद और सचिन के घर की ओर भी जा गिरा, जिससे उनके यहां भी नुकसान हुआ। मलबे में दबकर बाइक, साइकिल और अन्य घरेलू सामान दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। संवाद
वर्जन
तहसील क्षेत्र में अधिक बारिश से हुए नुकसान का सभी जगह निरीक्षण कराया जाएगा और पीड़ितों की नियमानुसार हर संभव मदद की जाएगी। -सुशांत सांवरे, उपजिलाधिकारी