ढोलना। गांव राजपुर निवासी पूरन सिंह पुत्र करन सिंह ने ढोलना थाने में शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उन्होंने 4 अगस्त 2026 को अपने मकान का लिंटर डलवाया था। इसके लिए निर्माण सामग्री सीमेंट, बदरपुर और सरिया अथैया चौराहा स्थित एक दुकान से खरीदी थी।
पीड़ित के अनुसार, लिंटर डालने के करीब 15 दिन बाद जब 18 अगस्त को मजदूर पुष्पेंद्र, राजेंद्र सिंह और होरीलाल लिंटर की शटरिंग खोल रहे थे तभी पूरा लिंटर नीचे गिर गया। हादसे के वक्त मौजूद तीनों मजदूरों ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
पीड़ित का आरोप है कि दुकानदार ने उसे नकली व घटिया सीमेंट बेचकर भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। लिंटर गिरने के बाद जब पीड़ित ने दुकानदार से शिकायत की तो आरोपी ने किसी भी तरह की क्षतिपूर्ति देने से साफ इन्कार कर दिया और धमकाने लगा। थाना प्रभारी अवधेश भदौरिया ने बताया कि लिंटर गिरने के मामले में शिकायती पत्र मिला है। जांच के लिए टीम को भेजा गया है।