गंजडुंडवारा। ब्लॉक क्षेत्र के गांव नवाबगंज नगरिया में जल निगम की पेयजल पाइपलाइन से जगह-जगह रिसाव होने से खड़ंजा धंसने लगा है और नालियां क्षतिग्रस्त हो रही हैं। आधा दर्जन स्थानों पर बहते पानी से कंपोजिट विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास जलभराव के कारण ग्रामीणों व बच्चों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
करीब चार हजार आबादी वाले नवाबगंज नगरिया की एक दर्जन गलियों में भूमिगत पाइपलाइन बिछाई गई है। ग्रामीणों ने पाइपलाइन बिछाने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि रोज सैकड़ों लीटर पानी बहने से सड़कें व नालियां खराब हो रही हैं।
स्कूल व आंगनबाड़ी के पास जलभराव से आवागमन बाधित है। ग्रामीणों के अनुसार पेयजल टंकी अभी पूरी तरह चालू नहीं हुई है और ट्रायल में एक-दो घंटे पानी छोड़ने पर ही रिसाव शुरू हो गया है जिससे नियमित आपूर्ति में हालात और बिगड़ सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने मरम्मत की मांग की है। इसमें पूर्व बीडीसी सदस्य जितेंद्र सक्सेना, राकेश, शिव कुमार बघेल, पंकज मिश्रा, आदेश पंडित, राजवीर सिंह, लालाराम, सुदामा, पूर्व प्रधान बादल व राजवीर सिंह प्रजापति आदि शामिल हैं।
-
क्या बोले लोग
कई शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हुआ। स्कूल समेत कई जगह रिसाव से नाली व खड़ंजा खराब हो रहे हैं इसलिए तत्काल मरम्मत होनी चाहिए। - शिवकुमार बघेल
पेयजल टंकी अभी चालू भी नहीं हुई और ट्रायल में एक-दो घंटे पानी छोड़ने पर ही रिसाव होने लगा है। नियमित आपूर्ति से पहले खामियां ठीक कराना जरूरी है। - आकाश
फोटो 10 - आकाश। स्रोत : संवाद
फोटो 10 - आकाश। स्रोत : संवाद