कासगंज में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही जिले के लहरा, अल्लीपुर बरबारा, शहवाजपुर, हरि की पौड़ी एवं कादरगंज गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया। माथे पर त्रिपुंड चंदन लगाए श्रद्धालुओं ने हर हर गंगे के जयकारे लगाए।
तीर्थनगरी सोरोंजी की हरि की पौड़ी पर सोमवार शाम से ही राजस्थान, मध्य प्रदेश व सुदूर क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। तमाम श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी गंगा में डुबकी लगाई। वहीं, लहरा, कादरगंज सहित अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ नजर आई। सुबह ब्रह्ममुहूर्त के साथ ही गंगा स्नान का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिन निकलने के साथ बढ़ता चला गया।
मंदिरों में किए देव दर्शन
गंगास्नान के बाद क्षेत्राधीश वराह मंदिर में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान वराह के दर्शन पूजन कर मनवांछित फल की कामना की। तीर्थनगरी के अन्य मंदिरों द्वारकाधीश, रघुनाथ जी, सोमेश्वर, श्याम वराह, मानस मंदिर, पंच महाशक्ति, बटुकनाथ, सीताराम जी, सिद्ध विनायक आदि में दर्शन पूजन के लिए भक्त पहुंचते रहे।
बच्चों के कराए गए मुंडन संस्कार
गंगाघाटों पर बच्चों के मुंडन संस्कार भी कार्तिक पूर्णिमा की विशेष तिथि पर श्रद्धालुओं ने कराए। कार्तिक पूर्णिमा का दिन शुभ कार्यों के लिए बेहद अच्छा माना जाता है। ऐसी स्थिति में श्रद्धालुओं ने शुभ मुहूर्त में मुंडन संस्कार कराए। वहीं श्रद्धालुओं के द्वारा कर्णछेदन संस्कार भी कराए गए।
इलायची दाने की जमकर हुई बिक्री
गंगाघाटों पर इलायची दानों का प्रसाद मां गंगा को अर्पित करने की प्राचीन परंपरा है। स्नान पर्व पर जो भी श्रद्धालु गंगाघाट पर पहुंचे, उन्होंने इलायची दाने का भोग मां गंगा को अर्पित किया। प्रसाद विक्रेताओं के यहां श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। ज्यादातर श्रद्धालुओं ने इलायची दाने का भोग अर्पित किया इसके अलावा लड्डू व पेड़े के भोग भी मां गंगा को अर्पित किए गए।
भीड़ के मद्देनजर पुलिस बल रहा मुस्तैद
गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। सीओ पटियाली अमित कुमार ने कादरगंज गंगाघाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि घाटों के अलग-अलग प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही सादा वर्दी में भी पुलिस बल को श्रद्धालुओं के बीच ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
फ्लड यूनिट भी रही तैनात
गंगाघाटों पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने पीएसी की फ्लड यूनिट व गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए थे। गंगा में डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए मोटर बोट के साथ फ्लड यूनिट अलर्ट रही। वहीं, गोताखोरों की टीमों को अलग-अलग प्वाइंट पर लगाया गया, ताकि कहीं अप्रिय स्थिति होने पर तत्काल सहायता मिल सके।
रात आठ बजे तक रूट डायवर्जन
गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने रात तक रूट डायवर्जन प्लान लगा रखा है। साथ ही पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जिससे ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे और श्रद्धालुओं को गंगा घाट तक आने या फिर जाने में कोई दिक्कत न हो।