कासगंज। स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब बैलेंस समाप्त होने पर भी लोगों के घरों की बिजली तत्काल नहीं काटी जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को बड़ी सहूलियत मिलेगी। जिन उपभोक्ताओं के घर पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगे है, वे अब पोस्ट पेड की तरह काम करेंगे।
जिले में कुल 2.25 लाख विद्युत उपभोक्ता हैं। विद्युत विभाग को वर्ष 2025 में 1.88 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य मिला था। इस लक्ष्य के सापेक्ष अब तक लगभग 1.65 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें 1,64,247 मीटर पूरी तरह इंस्टॉल हो चुके हैं। वहीं, इनमें से 1,55,009 स्मार्ट मीटर प्रीपेड मोड में संचालित किए जा रहे हैं। पहले प्रीपेड व्यवस्था में बैलेंस खत्म होते ही बिजली आपूर्ति बंद हो जाती थी।
नई व्यवस्था लागू होने से अब उपभोक्ताओं को बैलेंस खत्म होने पर तुरंत बिजली कटने की समस्या से राहत मिलेगी। लोगों को बकाया बिल जमा करने के लिए विद्युत निगम की ओर से तिथि निर्धारित की गई है। इससे उन्हें बिल जमा करने में आसानी होगी और बिजली के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अधिशाषी अभियंता राहुल वर्नवाल ने बताया कि शासन के आदेश पर जिले में लोगों के लिए बेहतर विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। शासन की ओर से स्मार्ट प्रीपेड मीटर किए गए बदलाव के शासनादेश को जिले में लागू कराया जाएगा। इससे लोगों को परेशानी न हो ।
लोगों की बात :
- स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बैलेंस खत्म होने पर लोगों के घरों के बिजली कट जाती थी। इस मुददे को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने प्राथमिकता से उठाया था। सरकार का निर्णय सराहनीय है। प्रीपेड व्यवस्था बंद होने से लोगों को राहत मिलेगी। - राम नंदन वार्ष्णेय ,जिलाध्यक्ष।
- स्मार्ट प्रीपेड मीटर में रीडिंग गलत आती थी। प्रीपेड मीटर व्यवस्था बंद करने का सरकार का निर्णय लोगों के हित में है। इससे लोगों के घरों की अचानक बिजली गुल नहीं होगी। - संभव जैन, जिलाध्यक्ष निफा
- सरकार का स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था बंद करने का निर्णय सराहनीय है। पहले बैलेंस खत्म होने पर कनेक्शन कट जाता था,लेकिन अब माह के अंत में निर्धारित तिथि पर बिल जमा करना पड़ेगा। - सुशील कुमार गुप्ता, दुकानदार
- स्मार्ट प्रीपेड मीटर के बिल में गडबड़ी आती थी। बिल जमा करने के 2 से 3 घंटे बाद ही विद्युत आपूर्ति सुचारू हो पाती थी। सरकार का स्मार्ट प्रीपेड व्यवस्था बंद करने का फैसला सराहनीय है। - वीरेंद्र कुमार, उपभोक्ता
-स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था से उपभोक्ता अपनी आवश्यकता अनुसार बिजली का उपयोग कर सकता है। रियल टाइम बैलेंस व खपत की जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से जानकारी मिलती है। प्रीपेड उपभोक्ताओं को बैलेंस रखने पर बिजली दर में 2 प्रतिशत की छूट भी दी जाती है। लोगों को एसएमएस के माध्यम से बिजली के बिल की भी जानकारी मिलती है।
- राहुल वर्नवाल, अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण खंड शहरी