फोटो24गंजडुंडवारा के सिकंदरपुर वैश्य में सड़क पर बहता गंदा पानी।संवाद
गंजडुंडवारा। ग्राम पंचायत सिकंदरपुर वैश्य की सड़कें जर्जरहाल हैं। सड़कों में गहरे गड्ढे हैं जिनमें गंदा पानी भरा हुआ है। गांव में जगह-जगह गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी है। वहीं स्कूली बच्चे व आयुर्वेदिक राजकीय चिकित्सालय पर दवा लेने वाले मरीज भी गंदगी से होकर गुजरने को मजबूर हें। सिकंदरपुर वैश्य देहात की बड़ी पंचायत है। इसकी आबादी करीब 5000 के लगभग है, लेकिन गांव की हालत काफी खराब है। गांव के बीच से आवागमन के लिए पटियाली-कादरगंज हाईवे से एक सड़क जाती है। गांव में सड़क किनारे जल निकासी के लिए नाले का निर्माण नहीं हुआ है। पंचायत की ओर से बनवाई नालियां अभी टूट चुकी हैं। ग्रामीण रविंद्र कुमार चौहान का कहना है कि प्राइमरी विद्यालय के बच्चे तथा अस्पताल पर आने वाले मरीज दोनों जगह जलभराव होने के कारण कीचड़ से होकर निकलते हैं। हल्की बारिश होने पर ही यहां से निकालना बहुत मुश्किल हो जाता है। ग्रामीण अनिल सिंह का कहना है कई बार इसे ठीक करने के लिए संबंधित अधिकारियों से शिकायत की लेकिन आज तक इस पर ध्यान नहीं दिया गया। जगह-जगह कूड़े और गंदगी के ढेर लगे हुए हैं गांव की नालियों की सफाई भी नहीं हो रही है। सीडीओ वीरेंद्र ने बताया कि सड़क का सर्वेक्षण कराया जाएगा। जिससे समस्या का शीघ्र समाधान हो सके।