फोटो25सिढ़पुरा से आसपुर की ओर जाने वाली सड़क । संवाद
सिढ़पुरा। सिढ़पुरा से करतला होते हुए बागवाला तक जाने वाले मुख्यमार्ग के दिन बहुरने वाले हैं। लंबे समय से संकरे और जर्जर रास्ते की मार झेल रहे राहगीरों को जल्द ही इस समस्या से निजात मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) प्रांतीय खंड एटा की ओर से इस मार्ग के चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण की योजना को शासन से हरी झंडी मिल गई है।
वर्तमान में सिढ़पुरा नगर की ओर से इस मार्ग की चौड़ाई महज 2.80 मीटर है, जो आधुनिक यातायात के दबाव के लिहाज से बेहद कम है। मार्ग कम चौड़ा होने के कारण दो वाहनों के आमने-सामने आने पर साइड देने या ओवरटेक करने में चालकों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। सड़क की पटरियां खराब होने के कारण दुर्घटनाओं का भय बना रहता है। सीमेंट व्यवसायी ऋषभ का कहना है कि सड़क में केवल पैच और गड्ढे बचे हैं।
स्थानीय निवासी हरीबाबू दुबे का कहना है कि सिढ़पुरा से काली नदी के पुल तक सड़क चौड़ी होने से मैनपुरी की ओर आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के लोगों का सफर भी सुगम और सुरक्षित हो जाएगा। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अभय यादव ने बताया कि लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड एटा की ओर से 17.8 किलोमीटर लंबे सिढ़पुरा-बागवाला मार्ग को लगभग 29 करोड़ की लागत से साढ़े पांच मीटर चौड़ा बनाने के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर मार्च में कार्य शुरू हो सकता है।