फोटो64सहावर में लगे जाम में फंसे वाहन । संवाद
सहावर। रेलवे रोड पर आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। जाम लगने का मुख्य कारण सड़क किनारे सब्जी के फड़ और फलों के ठेले खड़े होना बताया जा रहा है।
विनोद कुमार ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से सब्जी विक्रेताओं को स्थायी सब्जी मंडी के लिए स्थान उपलब्ध कराए जाने के बावजूद रेलवे रोड पर ही अतिक्रमण करके व्यापार कर रहे हैं। इस मार्ग पर बैंक, पोस्ट ऑफिस और इंटर कॉलेज स्थित हैं, जिससे दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क किनारे सब्जी के फड़ लगने से यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
नगर पंचायत की ओर से समय-समय पर सब्जी विक्रेताओं के चालान किए जाते हैं, लेकिन चालान कटने के बाद भी वे सड़क से अतिक्रमण नहीं हटाते। लोगों का आरोप है कि जाम से निजात दिलाने के लिए नगर पंचायत की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे आमजन को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार निषाद ने बताया कि लाउडस्पीकर के माध्यम से सब्जी व ठेला विक्रेताओं को दो दिन के भीतर सड़क से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। यदि निर्धारित समय के अंदर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।