फोटो15नदरई हजारा नहर में डूबे युवक की तलाश करती पीएसपी की फ्लड यूनिट । संवाद
कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम पिकनिक प्वाइंट पर हजारा नहर में नहाते समय एटा का युवक डूब गया था। पुलिस ने शनिवार को एनडीआरएफ और पीएसी की फ्लड यूनिट की टीम को मौके पर बुलाकर उसकी तलाश कराई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
जिला एटा के थाना मारहरा अंतर्गत गांव त्रिलोकपुर निवासी देवराज (21) अपने साथियों अंशुल प्रताप (17), सुमित कुमार (18), अनुज कुमार (16) और रंजीत कुमार (19) के साथ शुक्रवार को हजारा नहर पिकनिक प्वाइंट घूमने आया था। देर शाम करीब 6:45 बजे रंजीत को छोड़कर बाकी चार युवक नहाने के लिए नहर में कूद गए। इसी दौरान देवराज गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना पर एसपी ओपी सिंह और सीओ आंचल चौहान मौके पर पहुंचे और परिजनों व दोस्तों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने शनिवार सुबह नहर में युवक की तलाश शुरू कराई। एनडीआरएफ और पीएसी की फ्लड यूनिट की टीम ने मोटरबोट के जरिये काफी खोजबीन की। इसके अलावा ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ गोताखोर टीम ने भी लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल सका।
एसपी ओपी सिंह ने बताया कि एटा से कुछ युवक पिकनिक प्वाइंट पर घूमने आए थे। इस दौरान एक युवक नहर में डूब गया। उसकी तलाश कराई जा रही है।