कासगंज। बदलते मौसम के कारण क्षेत्र में सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बिलराम गेट निवासी सुषमा नामक महिला की शनिवार को सांस की बीमारी के चलते हालत गंभीर हो गई। गंभीर अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला के पति ने बताया कि सुषमा की तबीयत 3 सितंबर को खराब हुई थी जिसके बाद से उनका निजी चिकित्सक से उपचार चल रहा था। शनिवार को अचानक सांस लेने में गंभीर परेशानी होने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों की ओर से मृत घोषित कर दिया।
बदलते मौसम के साथ जिला अस्पताल की ओपीडी में सांस संबंधी शिकायत वाले मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 300 से 400 मरीज सांस लेने में परेशानी और इससे जुड़ी अन्य समस्याओं के साथ पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में बदलाव के दौरान सांस संबंधी बीमारियों से ग्रसित मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि महिला को परिजन मृत अवस्था में अस्पताल लेकर आए थे।