फोटो32सिकंदरपुर वैश्य के गांव लधौली में आक्रोशित महिलाओं ने नष्ट की शराब । संवाद
- फोटो : योगेश कुशवाहा
पटियाली (कासगंज)। गांव लधोली में शराबी पति से तंग आकर एक महिला ने 9 वर्षीय बेटे के साथ विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। पिंकी (35) और बेटे रेयांश के शव घर पर पहुंचे तो पति फिर से ठेके पर पहुंच गया और शराब पीने लगा। इस पर रविवार को गांव की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। 100 से अधिक महिलाओं ने गांव के सरकारी देसी शराब के ठेके पर धावा बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ की। महिलाओं ने शराब की पेटियां व बोतलें सड़क पर फेंककर नष्ट कर दीं।
पिंकी का पति सुनील शराब के नशे में आए दिन उससे मारपीट करता था। शुक्रवार रात गृहकलह से तंग आकर पिंकी ने बेटे रेयांश के साथ विषाक्त पदार्थ खा लिया। ग्रामीण और परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने रेयांश को मृत घोषित कर दिया और पिंकी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। पिंकी के बड़े बेटे नितिन (15) की भी एक महीने पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
शनिवार को जब मां-बेटे के शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचे तो सुनील गांव के ठेके पर जाकर शराब पीने लगा। इसे देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। रविवार को इसी आक्रोश में गांव की महिलाओं ने ठेके पर धावा बोल दिया।
हंगामे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया। महिलाओं का कहना था कि ठेके के कारण पूरा गांव बर्बाद हो रहा है। महिलाओं ने अधिकारियों से शराब के ठेके को तुरंत गांव से हटाने की मांग की।
तहसीलदार राम नयन सिंह, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, पटियाली कोतवाली प्रभारी अजयवीर सिंह और थाना सिकंदरपुर वैश्य के प्रभारी चंचल सिरोही मौके पर मौजूद थे। अधिकारियों ने महिलाओं को समझा-बुझाकर जैसे-तैसे शांत किया। थाना प्रभारी ने बताया कि महिलाओं की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
वर्जन
शराब ठेकेदार ने मामले में तहरीर दे दी है। पुलिस जांच कर रही है। जो भी विधिसम्मत कार्रवाई होगी, की जाएगी।
- अमित कुमार, सीओ, पटियाली