फोटो40सहावर में युवक को चाकू मारने की घटना के बारे में जानकारी करती पुलिस ।संवाद
सहावर। क्षेत्र के गांव सैंती में जमीन के विवाद में युवक ने गांव के दो लोगों पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है। घायल हुए युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उसे जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर मामले की जांच कर रही है।
गांव सैंती निवासी विजय सिंह के भाई अनुज ने बताया कि गांव के लोगों से उनका जमीन का विवाद है। उनका आरोप है कि गांव के पिता -पुत्र से उनका जमीन का विवाद चल रहा है। उनका भाई इलाहाबाद जाने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि 11:10 बजे नहर के पास आरोपियों ने विजय को रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। वह सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों ने उसे देखकर उसके परिजन को सूचना दी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना की सूचना फोन कर पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक ने घायल युवक से घटना के बारे में पूछताछ की। उन्होंने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामले में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। घटना के बारे में लोगों से पूछताछ की जांच की जा रही है।