कासगंज। दनियागंज गांव के पास शनिवार देर शाम एक बाइक सड़क किनारे खड़ी आलू से लदी ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में एटा में तैनात कानूनगो हेमंत सिंह (50) की दर्दनाक मौत हो गई। वह ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र स्थित अपने गांव चौमुहां लौट रहे थे।
हेमंत जब ढोलना क्षेत्र के दनियागंज गांव के सामने निर्माणाधीन सरकारी लॉज के पास पहुंचे तो सड़क किनारे खड़ी आलू से लदी एक ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। माैके पर राहगीर और आसपास के लोग एकत्रित हो गए।
सूचना मिलने पर पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल कानूनगो को तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के रिश्तेदार रोहित कुमार निवासी महमूदपुर नगरिया, थाना मारहरा, जिला एटा भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने ही पुलिस को बताया कि हेमंत सिंह एटा में कानूनगो के पद पर तैनात थे। त्योहार के माहौल में हुए इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बारे में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- आंचल चौहान, सीओ सदर, कासगंज