फोटो31मोहनपुरा बारिश के दौरान भराभरा कर गिरा मकान। संवाद
- फोटो : अमर उजाला
ढोलना/मोहनपुरा। बारिश के कारण नगला बिरहरा में दो और मोहनपुरा में एक मकान गिर गया। अलग-अलग घटनाओं से गांवों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि समय रहते लोग बाहर निकल आए।
नगला बिरहरा गांव में बारिश के बीच शनिवार तड़के करीब 4 बजे दो मकान अचानक भरभराकर गिर गए। हादसे के समय दोनों परिवारों के लोग घर के अंदर सो रहे थे। बारिश और मकान में हलचल की आहट से परिवार के सदस्य जाग गए और समय रहते बाहर निकल आए। हादसे में रामप्रकाश तथा भूरेलाल के मकान प्रभावित हुए हैं। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखे बक्सा, चारपाई और ड्रेसिंग टेबल समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए।
उधर, मोहनपुरा कस्बा निवासी मनोज कुमार का पुश्तैनी कच्चा मकान शुक्रवार रात से हो रही बारिश के कारण कमजोर हो गया था। शनिवार शाम करीब पांच बजे अचानक मकान धराशायी हो गया। आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और परिजन की तलाश की। सभी के सुरक्षित मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद मलबा हटाकर जरूरी सामान बाहर निकाला गया। मकान स्वामी ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।