फोटो02कासगंज में दोपहर के समय धूप से बचाव के लिए चेहरा ढककर जाती युवतियां। संवाद
कासगंज। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप का असर अब लोगों की सेहत पर गंभीर रूप से दिखाई दे रहा है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण लू की चपेट में आकर लोग बीमार पड़ रहे हैं।
हालत बिगड़ने पर 18 मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती करना पड़ा, जबकि बड़ी संख्या में मरीजों का इलाज ओपीडी में किया गया।
जिला अस्पताल में एक ही दिन में कुल 1314 मरीज पहुंचे। इनमें 310 मरीज बुखार से पीड़ित थे। सांस संबंधी समस्या के 213 मरीज भी शामिल रहे। डायरिया के 69 मरीजों को भी उपचार दिया गया। इसके अलावा, 180 मरीजों ने रक्तचाप की समस्या के लिए चिकित्सकों से परामर्श लिया। कई मरीजों ने सिर दर्द, चक्कर आने और पेट दर्द जैसी शिकायतें दर्ज कराईं। चिकित्सकों ने इन सभी समस्याओं को गर्मी और लू का प्रभाव बताया। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में शरीर में पानी की कमी हो जाती है। अधिक देर तक धूप में रहने से लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। समय पर उपचार न मिलने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।
चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए। हल्के व ढीले कपड़े पहनने की भी अपील की गई है। लू के शुरुआती लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है।