फोटो45कासगंज में डबल पोल लगाने का कार्य करते कर्मी।स्रोत:विभाग
कासगंज। प्रभुपार्क उपकेंद्र के लक्ष्मीगंज क्षेत्र में बुधवार को केबल बिछाने और डबल पोल लगाने के कार्य किए। इसके चलते बिजली आपूर्ति छह घंटे तक बाधित रहने से 6,200 उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रभुपार्क विद्युत उपकेंद्र पर सुबह 8:30 बजे से शटडाउन लिया गया। इसके बाद लक्ष्मीगंज क्षेत्र में लाइन सुधार और सुदृढ़ीकरण का काम किया गया। इस दौरान लक्ष्मीगंज, रेलवे रोड और गोशाला फीडर से जुड़े करीब 6,200 उपभोक्ता बिजली आपूर्ति ठप रहने से प्रभावित रहे। लंबे समय तक बिजली न रहने से गर्मी में स्थिति और भी मुश्किल हो गई। बिजली न आने पर दुकानदारों को दिक्कतें झेलनी पड़ी। विद्युत कर्मियों ने शटडाउन के दौरान केबल बिछाने और डबल पोल लगाने का कार्य पूरा किया। दोपहर करीब 2:30 बजे कार्य समाप्त होने के बाद आपूर्ति को बहाल कर दिया गया। इसके बाद उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। प्रभुपार्क उपकेंद्र के अवर अभियंता विश्वजीत कुमार ने बताया कि क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह कार्य कराया गया है। भविष्य में इससे आपूर्ति अधिक सुचारु और व्यवस्थित रहेगी।