फोटो संख्या 20 प्रेषित है-अलर्ट-
कासगंज। लगातार बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने का अलर्ट है। इसकी वजह टिहरी डैम का फुल होना बताया जा रहा है। लगातार बारिश से डैम में पहुंचने वाले पानी को गंगा में छोड़ा जाएगा। इससे गंगा के जलस्तर में वृद्धि होगी। सिंचाई विभाग के अधिकारी लगातार उत्तराखंड राज्य से टिहरी और हरिद्वार पर पानी के प्रवाह का अपडेट ले रहे हैं।
भारी बारिश के अलर्ट के बीच सिंचाई विभाग ने गंगा के पानी बढ़ने का अलर्ट जारी किया था। विभागीय अधिकारियों को अपने अपने इलाकों में नजर बनाने के निर्देश दिए। अलीगढ़ मंडल के सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता ने यह निर्देश सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दिए। वहीं, बाढ़ नियंत्रण कक्ष के लिए भी अलर्ट जारी किया।
मैदानी इलाकों के अलावा टिहरी, हरिद्वार, देहरादून में भारी बारिश हो रही है। बारिश के बीच टिरी डैम का जलस्तर बढ़ रहा है। टिहरी डैम की क्षमता फुल बताई गई है। ऐसी स्थिति में बारिश का पानी डैम में पहुंचेगा तो फिर गंगा में छोड़ा जाएगा। पहाड़ी क्षेत्रों के अलावा मैदानी क्षेत्रों में बारिश का पानी नदियों में पहुंचेगा। हालांकि अभी गंगा खतरे के निशान से करीब दो मीटर नीचे बह रही है, लेकिन अधिक पानी आने पर जलस्तर तेजी से उछाल लेगा। मध्यम बाढ़ के स्तर पर जलस्तर पहुंचा तो पटियाली के कई गांवों में फिर से बाढ़ का असर हो सकता है इससे ग्रामीण चिंतित हैं।
नगला दुर्जन के उर्वेश कुमार ने बताया कि अभी तक जलस्तर में वृद्धि नहीं हुई है, लेकिन सिंचाई विभाग के अलर्ट के बाद ग्रामीण बेहद परेशान हैं। उन्हें फिर से तबाही का सामना करने का अंदेशा है।
बैराजों से पानी का प्रवाह
हरिद्वार बैराज से- 44549 क्यूसेक
बिजनौर बैराज से- 22094 क्यूसेक
नरौरा बैराज से - 17294 क्यूसेक
कछला ब्रिज- 160.97 मीटर के निशान पर
अभी गंगा के जलस्तर में कोई वृद्धि नहीं है। शनिवार को हरिद्वार बैराज से प्रवाह सामान रहा है, लेकिन टिहरी डैम फुल हो गया है। इससे गंगा में पानी छोड़ा जाएगा। सिंचाई विभाग निरंतर टिहरी और हरिद्वार का अपडेट ले रहा है। - संदीप जैन, एसडीओ, सिंचाई