फोटो56चामुंडा मंदिर के पास बंधन बैंक में चोरी के बाद बंद किया रोशनदान। संवाद
कासगंज। शहर के चामुंडा मंदिर के पास मंगलवार की रात चोरों ने बंधन बैंक में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर बैंक से चार टैबलेट सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। मामले में शाखा प्रबंधक ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
चामुंडा मंदिर के पास बंधन बैंक में चोर रोशनदान तोड़कर घुस गया। इसके बाद उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार को बैंक कर्मियों के पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बैंक में चोरी होने की सूचना शाखा प्रबंधक ने पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चोरी के बारे में बैंक कर्मियों से जानकारी की। शाखा प्रबंधक विनोद कुमार का आरोप है कि चोर बैंक से 4 टैबलेट, बैग, पास बुक और चार्जर चोरी कर ले गया है। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस चोरी के खुलासे के प्रयास कर रही है। सदर कोतवाली प्रभारी प्रवेश राणा ने बताया कि बंधन बैंक के शाखा प्रबंधक ने चोरी की तहरीर दी है। बैंक में हुई चोरी के मामले में जांच की जा रही है।