कासगंज। डिपो में चालकों की कमी दूर करने के लिए संविदा चालक भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इस प्रक्रिया के तहत 13 अभ्यर्थी विभिन्न चरणों की परीक्षा और प्रशिक्षण के बाद सफल घोषित हुए हैं। वर्तमान में इनका अलीगढ़ में सात दिवसीय प्रशिक्षण चल रहा है।
चालकों की कमी के कारण डिपो पर बस संचालन में अव्यवस्था हो रही थी। इसे दूर करने के लिए बीते दिनों रोजगार मेले के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई। भर्ती के लिए कुल 33 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 28 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया।
इसके बाद अभ्यर्थियों का ड्राइविंग टेस्ट कराया गया। इसमें बस चलाकर उनकी क्षमता का परीक्षण हुआ, जिसमें 24 चालक सफल हुए। सफल अभ्यर्थियों को आगे के प्रशिक्षण के लिए लोनी गाजियाबाद भेजा गया। वहां तीन दिनों तक सेंसर युक्त सड़क पर बस चलाकर उनकी ड्राइविंग दक्षता का परीक्षण किया गया। इस कठिन प्रशिक्षण और परीक्षण के बाद 13 चालक योग्य पाए गए।
प्रभारी एआरएम नीरज कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी चालकों को डिपो की बसों पर तैनात किया जाएगा। नए चालकों की नियुक्ति से रोडवेज संचालन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।