मंडलीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता कार्तिक व रजत पदक विजेता अभिनव ।स्रोत:स्वय
कासगंज। मंडलीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नाम रोशन किया है। महात्मा गांधी गुरुदत्त स्मारक इंटर कॉलेज विजयगढ़ अलीगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में कार्तिक ने स्वर्ण अभिनव ने रजत पदक हासिल किया।
श्री सूरज प्रसाद डागा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कासगंज के छात्र कार्तिक ने अंडर-17 के 70 किलोग्राम भारवर्ग में दमदार प्रदर्शन किया। वहीं नाथूराम सुशीला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गंजडुंडवारा के छात्र अभिनव ने अंडर-17 के 60 किलोग्राम भारवर्ग में पदक हासिल किया।
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से उनके विद्यालयों और जिले में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की की है। जिला क्रीड़ा प्रभारी समीक्षा सिंह ने बताया कि मंडलीय प्रतियोगिता में विजेता और चयनित खिलाड़ी 16 से 19 सितंबर तक मुरादाबाद में होने वाली राज्य स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार, प्रधानाचार्य डॉ. भूपेंद्र सिंह, कोच नवीन राजपूत और जयप्रकाश ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।