कासगंज। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत शुक्रवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो प्रदूषण जांच केंद्रों में अनियमितता पाए जाने पर उन्हें नोटिस देने की कार्रवाई की गई। वहीं तीन वाहनों के कागजात पूरे न होने पर उन्हें सीज किया गया और यातायात नियमों का पालन न करने पर 36 के चालान किए गए। एआरटीओ आरपी मिश्र ने शुक्रवार को कासगंज प्रदूषण जांच केंद्र और अग्रिम वेलफेयर सोसायटी प्रदूषण सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रदूषण जांच केंद्रों में निर्धारित शुल्क का कोई विवरण चस्पा नही पाया गया। वहीं प्रदूषण जांच संबंधी रिकार्ड का रख-रखाव भी सही नहीं था। दोनों जांच केंद्रों को नोटिस देकर 3 दिन में व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए हैं। बरेली मार्ग पर वाहनों की प्रदूषण संबंधी जांच की गई। 14 वाहनों में प्रदूषण प्रमाण पत्र की वैधता समाप्त होने पर उनके चालान किए गए। वही, तीन वाहनों में टैक्स, फिटनेस परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र की वैधता समाप्त होने पर उन्हें सीज करने की कार्रवाई की गई। नंबर प्लेट ठीक न होने, एचएचआरपी प्लेट का प्रयोग न करने व बिना हेलमेट सहित अन्य यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर 36 वाहन चालकों के चालान किए। एआरटीओ आरपी मिश्र ने बताया कि ओवर स्पीड व शराब के नशे में वाहन न चलाएं। कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन कर प्रयोग न करें। कोहरा में धीमी गति से वाहन चलाएं।