जिला अस्पताल में भर्ती चाकू से गर्दन काटने से घायल युवक। संवाद
कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव लालपुर में बृहस्पतिवार दोपहर शराब के नशे में युवक ने चाकू से अपनी गर्दन काट ली। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए अलीगढ रेफर कर दिया।
पुलिस को बृहस्पतिवार दोपहर 2:50 बजे सूचना मिली कि लालपुर गांव में एक व्यक्ति ने धारदार चाकू से अपनी गर्दन पर चोट पहुंचा ली है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। परिजन ने बताया कि नई बस्ती, गांव लालपुर निवासी पिंटू (35) पुत्र धनीराम ने शराब के नशे में चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर लिया है।
पुलिस ने बिना देर किए घायल को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भिजवाया। उसकी मां रामवती देवी और बहन मोना भी उसके साथ अस्पताल गईं। मां और बहन ने डॉक्टर को बताया कि शराब के नशे में चाकू से उसने अपनी गर्दन काट ली। डॉ. अंकित ने बताया कि घायल युवक का प्राथमिकी उपचार करने के बाद उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।