सोरोंजी। तीर्थनगरी में बृहस्पतिवार को नगर पालिका की टीम ने चंदन चौक क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। नालियों के ऊपर अवैध रूप से बनाई गई सीढ़ियों और चबूतरों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। यह कार्रवाई स्थानीय निवासियों की शिकायत पर की गई।
चंदन चौक क्षेत्र के निवासियों ने नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत थी कि नालियों पर पक्की सीढ़ियां और चबूतरे बनने से नियमित सफाई नहीं हो पा रही थी। लंबे समय से सफाई न होने के कारण नालियां गंदगी से पटी हुई थीं। इससे क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया था। संक्रामक बीमारियों के फैलने का भय भी बना हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा ने अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। पालिका की टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची और नाली के बहाव में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाया।
अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा ने बताया कि नालियों के ऊपर अतिक्रमण के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा था। इसी वजह से यह अभियान चलाकर अतिक्रमण को हटाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।