फोटो 01 - सिढ़पुरा पीएचसी में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने के बाद दवा काउंटर पर दवा लेते मरीज। स्
सिढ़पुरा। बारिश के पानी से आठ दिन से प्रभावित सिढ़पुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा व्यवस्था सोमवार को सामान्य होने लगी। परिसर में जमा पानी कम होने के बाद ओपीडी, मरीजों की जांच और दवा वितरण की सुविधा दोबारा शुरू हो गई।
सोमवार को पीएचसी पहुंचे मरीजों ने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पर्चे बनवाए और ओपीडी में चिकित्सकीय परामर्श लिया। चिकित्सक डॉ. विनायक ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं लिखीं। फार्मासिस्ट तुरसनपाल ने निशुल्क दवाओं का वितरण किया। इसी के साथ महिला प्रसूता वार्ड और आपातकालीन सेवाएं भी बहाल कर दी गईं।
लगातार बारिश के कारण पीएचसी परिसर में जलभराव हो गया था, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई थीं। मरीजों को सुविधा देने के लिए ओपीडी सहित कुछ व्यवस्थाएं अस्पताल के बाहर सड़क किनारे संचालित करनी पड़ रही थी।
अधिकारियों की ओर से पानी निकालने के लिए बोरिंग के जरिए भूगर्भ में उतारने की योजना भी बनाई गई थी लेकिन यह प्रभावी नहीं हो सकी। पानी प्राकृतिक रूप से सूखने के बाद उपचार व्यवस्था बहाल हो सकी।
-
वर्जन :
परिसर में पानी कम होने के बाद ओपीडी, प्रसूता वार्ड और इमरजेंसी सेवाएं फिर शुरू कर दी गई हैं। फिलहाल मरीजों को अस्पताल परिसर में ही उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। भविष्य में जलभराव की समस्या से बचने के लिए स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की जा रही है। - प्रदीप कुमार गौतम, चिकित्साधीक्षक