फोटो05कासगंज में ईद पर्व पर बिलराम गेट ईदगाह में नमाज पढ़ते लोग। संवाद
- फोटो : एक एजेंसी पर लगा होम डिलेवरी का वैनर। संवाद
कासगंज। ईद का पर्व शनिवार को परंपराओं के बीच उत्साह के साथ मनाया गया। ईदगाह और मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। लोगों ने नमाज पढ़कर कौम की तरक्की और मुल्क में अमन-चैन कायम रहने की दुआ की। एक साथ लोगों के दुआ में हाथ उठे। उन्होंने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।शुक्रवार को जुमा अलविदा की नमाज के साथ ही मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में ईद का उत्साह दिखने लगा था। बस्तियों और ईदगाह के इलाके में पर्व की तैयारियां नजर आने लगीं। शनिवार सुबह से ही घर-घर में ईद की तैयारियां होने लगीं। नए परिधान पहने लोग ईदगाह और विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अदा करने के लिए पहुंचने लगे। बच्चों में खासा उत्साह था। जिला मुख्यालय पर पुरानी ईदगाह, आजाद गांधी इंटर कॉलेज परिसर, किसरोली रोड नई ईदगाह, कब्रिस्तान छर्रा अड्डा ईदगाह, सराय वाली मस्जिद, चकैय्या मस्जिद, अहरौली, बिलराम ढोलना सहित अन्य मस्जिदों में नमाज अदा की गई। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। नमाज के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। ईद की नमाज अदा करने के बाद ईदगाह के बाहर आपसी एकता, प्रेम और भाईचारे का शानदार नजारा दिखा। लोग एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दे रहे थे। इसके बाद सभी घर पहुंचे जहां बड़ों ने छोटे बच्चों को ईदी दी जिससे उनकी खुशी दोगनी हो गई और उनके चेहरे खिल गए। ईद पर प्रशासन चौकन्ना था। पुरानी ईदगाह बिलराम रोड पर डीएम प्रणय सिंह, एसपी ओपी सिंह, सदर एसडीएम संजीव कुमार, सीओ आंचल चौहान सीएफओ आरके तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यहां प्रशासन का विशेष सहायता शिविर भी लगाया था। पर्व के मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को शुभकामनाएं भी दीं।