पिता एवं परिजनों के साथ सेना में लेफ्टिनेंट बने शशांक पुंढीर। स्त्रोत:स्वयं
कासगंज। भारतीय थलसेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयन पाकर शशांक पुंढीर (23) ने जिले का नाम रोशन किया है। मूल रूप से मोहनपुरा के पास स्थित गांव बेरी के किसान परिवार में स्व. बृजनंदन के घर जन्मे शशांक के पिता अजय पुंढीर गाजियाबाद में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। बीएसएफ में इंस्पेक्टर के तौर पर तैनात ताऊ अनिल पुंढीर ने बताया कि बचपन से काफी होनहार रहे शशांक का भारतीय सेना के प्रति गजब का जज्बा रहा। आईएमए देहरादून से 18 महीने का गहन प्रशिक्षण के बाद पासिंग आउट परेड पास करने के उपरांत उनका चयन लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ। पुत्र को सेना की वर्दी में देखकर सभी परिजनों की आंखें भर आई। पिता ने लेफ्टिनेंट पुत्र को गले लगाकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने बताया कि शशांक की दिवंगत मां अनीता पुंढीर का सपना था कि उनका बेटा सेना में एक अधिकारी बने। उन्होंने अपनी मां का सपना साकार किया है। उनकी इस कामयाबी पर शुभकामनाएं देने वाले शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ है।