फोटो18कासगंज के लक्ष्मीगंज में गैस बुकिंग कराने पहुंचे लोग।संवाद
कासगंज। जिले में एलपीजी गैस की बुकिंग प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तकनीकी दिक्कतों और नई व्यवस्था लागू होने के कारण बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। स्थिति यह है कि सुबह से ही एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।दरअसल, गैस वितरण व्यवस्था में बदलाव करते हुए अब ओटीपी आधारित सप्लाई प्रणाली लागू की जा रही है। इसके तहत गैस सिलिंडर की डिलीवरी के समय उपभोक्ता के मोबाइल पर भेजे गए ओटीपी को बताने के बाद ही सिलिंडर दिया जाएगा। इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी कराया जाना अनिवार्य कर दिया गया है। ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराने के लिए बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। इसके चलते एजेंसियों पर भीड़ लगातार बढ़ रही है। कई लोग सुबह से ही लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं। भीड़ अधिक होने के कारण एजेंसी कर्मचारियों को भी काम निपटाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एचपी गैस एजेंसी के संचालक सुधीर माहेश्वरी ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत सभी उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी कराया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही ओटीपी के माध्यम से गैस सिलिंडर की सप्लाई दी जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिन लोगों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराया है, वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करा लें। वहीं इंडेन गैस एजेंसी के संचालक मनीष गुप्ता का कहना है कि पोर्टल पर बुकिंग का लोड अधिक होने के कारण तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं। इसके अलावा ई-केवाईसी कराना भी अनिवार्य है। बिना ई-केवाईसी के गैस सिलिंडर की बुकिंग संभव नहीं होगी। नई व्यवस्था लागू होने के कारण फिलहाल उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन भविष्य में गैस वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी और सुचारु हो सकेगी।