फिरोजाबाद के जलेसर रोड स्थित गारमेंट्स शोरूम में मंगलवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान जल गया। दुकानदारों और राहगीरों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया; करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित एक गारमेंट्स शोरूम में मंगलवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान के अंदर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे दुकान स्वामी ने स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों की मदद से आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि हादसे में करीब ढाई लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
विज्ञापन
जलेसर रोड निवासी आयुष की पुराना थाना उत्तर के सामने वैष्णवी गारमेंट्स के नाम से दुकान है। सोमवार रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दुकान के अंदर से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने उन्हें सूचना दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने शटर खोला तो अंदर आग लगी हुई थी।
शटर खुलते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कपड़ा, एलईडी टीवी समेत अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
विज्ञापन
दुकान स्वामी आयुष ने बताया कि प्रथम दृष्टया सीसीटीवी केबल में हुए शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो पूरी दुकान इसकी चपेट में आ सकती थी । प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।