कासगंज/ सहावर। सहावर के गांव जमालपुर में सोमवार दोपहर ई-रिक्शा की टक्कर से चार वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोपी ई-रिक्शा चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जिला शाहजहांपुर के परौर निवासी रवेंद्र सहावर के गांव जमालपुर स्थित एक ईंट भट्ठे पर परिवार सहित रहकर मजदूरी करते हैं। रवेंद्र ने बताया कि सोमवार दोपहर वह अपने चार वर्षीय बेटे प्रिंस के साथ बाजार चार्जर खरीदने आए थे।
सड़क पार करते समय सहावर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने प्रिंस को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बालक को परिजन तुरंत निजी डॉक्टर के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन और ग्रामीणों से पूछताछ कर शव को कब्जे में ले लिया।
पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था प्रिंस
मृतक प्रिंस पांच भाई-बहनों अरुण (12), राज (10), जुड़वां बहनें तनु और सोना (7) में सबसे छोटा था। इस हादसे ने माता-पिता से उनकी खुशियां छीन लीं। मां सोनम और दादी परमेश्वरी का रो-रोकर बुरा हाल है। कोई मेरे बेटे प्रिंस को बुला दो... उसकी दादी आई हैं।
वर्जन :
- मृतक बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। -दुर्गेश कुमार मिश्रा, सीओ सहावर
मृतक प्रिंस का फाइल फोटो।
मृतक प्रिंस का फाइल फोटो।